राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार,हमले का मास्टरमाइंड कौन? गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच तेज

 

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में राँची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, राँची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हमला केवल दो लोगों की करतूत थी या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क अथवा संगठित साजिश का हाथ है। इसी को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्कों, गतिविधियों तथा घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

राँची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।

गौरतलब है कि निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए थे। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की तह तक पहुंचने और संभावित साजिशकर्ताओं की पहचान करने में जुटी है।फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

error: Content is protected !!