टक्कर, मारपीट और दबंगई… राँची में रोड रेज का सनसनीखेज मामला,ई-रिक्शा चालक को अधमरा करने वाले दो गिरफ्तार..

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सुजाता चौक के समीप रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आया है। नशे में धुत्त कार सवार चार युवकों ने एक ई-रिक्शा को पहले जोरदार टक्कर मार दी और विरोध करने पर चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रिम्स में चल रहा है।

घायल ई-रिक्सा चालक के परिजन, देर रात चुटिया थाना में..

टक्कर के बाद बरपाया कहर:

मिली जानकारी के अनुसार, पुंदाग के इलाही नगर निवासी मौसमी आरा ने चुटिया थाना में लिखित आवेदन में बताया कि पति अतिक अख्तर रविवार की रात करीब 10 बजे ई-रिक्शा लेकर डोरंडा से सुजाता चौक की ओर आ रहे थे। इसी दौरान किआ कार (JH01GK-9929) ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया।हादसे के बाद जब चालक अतिक अख्तर कार सवार युवकों से बात करने पहुंचे, तो चारों युवक आगबबूला हो गए और उन पर टूट पड़े। शराब के नशे में धुत्त युवकों ने चालक की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।पीड़ित परिवार का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो घटना और भी भयावह हो सकती थी।

कार और ई-रिक्सा

पुलिस की फुर्ती से दो आरोपी दबोचे गए:

घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रातू रोड निवासी अनन्त विवेक (27) और पिस्का मोड़ निवासी अखौरी अनिल कुमार (65) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार अखौरी अनिल कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
वहीं, घटना के बाद दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थाने में भी दिखी दबंगई, लेकिन नहीं चली पैरवी:

सूत्रों के अनुसार, सड़क पर उत्पात मचाने वाले आरोपी थाने पहुंचने के बाद भी अपने रसूख और पहुंच का रौब दिखाने लगे। पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया गया और बड़े अधिकारियों तक पहुंच होने की धमकी दी गई। कुछ हाई-प्रोफाइल पैरवी भी सामने आई, लेकिन चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने सख्ती दिखाते हुए किसी दबाव को महत्व नहीं दिया।बताया जाता है कि थाना प्रभारी की कड़ाई के बाद आरोपियों का सारा नशा और दबंगई उतर गई और वे गिड़गिड़ाने लगे। पुलिस अब फरार आरोपियों, जिनमें कार मालिक का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है, की तलाश में जुटी है।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज, दोनों आरोपी जेल भेजे गए:

चुटिया थाना में कांड संख्या 76/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं-115(2), 126(2), 109(1), 303(2), 352, 351(2) और 3(5)—के तहत मामला दर्ज किया गया है।सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

समझौते की कोशिश भी नाकाम:

जानकारी के अनुसार,आरोपियों को जेल भेजे जाने के दौरान आरोपी  पक्ष के कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार पर दवाब बनाकर समझौते की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण दोनों आरोपियों को समय पर कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया गया और किसी तरह की सहमति नहीं बन सकी।

पुलिस की तत्परता बनी चर्चा का विषय:

इस पूरे मामले में चुटिया थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर की सख्ती चर्चा का विषय बनी हुई है। समय पर हस्तक्षेप कर पुलिस ने न सिर्फ स्थिति को नियंत्रित किया बल्कि आरोपियों को कानून के शिकंजे तक भी पहुंचाया। वहीं, घायल ई-रिक्शा चालक अतिक अख्तर की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

 

error: Content is protected !!