राँची में मामूली विवाद के बाद बाइक सवारों ने युवक को मारी गोली, रीढ़ में फंसी बुलेट..
राँची। राजधानी राँची में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नामकुम थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा पुल के पास बाइक सवार तीन युवकों से हुए विवाद के बाद 23 वर्षीय शुभम कुमार गोप पर जानलेवा हमला किया गया। पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में एक्स-रे जांच के दौरान गोली रीढ़ की हड्डी के पास फंसी होने की बात सामने आई। गंभीर हालत में उसे आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
गाली-गलौज के बाद लौटे बाइक सवार, युवक को मारी गोली
घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है। नामकुम बस्ती निवासी शुभम कुमार गोप अपने घर से सुरेश्वर मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्वर्णरेखा पुल के पास एक बाइक पर सवार तीन युवक पीछे से आए और गुजरते समय उसे हाथ मारकर निकल गए। इस बात पर शुभम ने उन्हें गाली दे दी।आरोप है कि गाली सुनने के बाद तीनों युवक वापस लौटे और शुभम के साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने उस पर हमला कर दिया। शुभम के पेट में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट में लगी गोली रीढ़ के पास जाकर फंसी
घायल शुभम ने अपने दोस्त सुखदेव उरांव को व्हाट्सएप कॉल कर घटना की जानकारी दी। दोस्त स्कूटी लेकर पहुंचा और उसे घर छोड़ दिया। पेट में असहनीय दर्द होने पर शुभम ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद उसे सेवा सदन अस्पताल ले जाया गया। वहां एक्स-रे जांच में गोली रीढ़ की हड्डी के पास फंसी होने की बात सामने आई। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज की सलाह दी, जिसके बाद परिजनों ने 22 अक्टूबर की देर रात करीब डेढ़ बजे उसे आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया।
हमलावरों को नहीं जानता युवक, सामने आने पर पहचानने का दावा
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शुभम का फर्दबयान दर्ज किया है। पीड़ित ने हमलावरों को अज्ञात बताया है, लेकिन सामने आने पर पहचान लेने की बात कही है। नामकुम थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि मामूली विवाद के बाद युवक को गोली मारने वाले तीनों हमलावर कौन हैं और वारदात के बाद वे कहां फरार हो गए।

