हरमू में दिनदहाड़े चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर,पुलिस ने दर्ज किया केस

-घर में घुसकर सोने के गहने और नकदी ले उड़ा आरोपी, प्राथमिकी दर्ज
राँची।सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित विद्यानगर हरमू में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। इस संबंध में द्वारिका नाथ पाण्डेय के लिखित आवेदन के आधार पर सुखदेवनगर थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित द्वारिका नाथ पाण्डेय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके किराये के घर में चोरी हुई। चोर घर में घुसकर पर्स में रखे सोने के कान के झुमके, सोने का मंगलसूत्र और लगभग 1000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। घटना की खास बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(1) और 305(a) के तहत केस दर्ज किया है। कांड के अनुसंधान की जिम्मेदारी सअनि विनोद कुमार सोनी को सौंपी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

