Ranchi:मेसरा में 3 बकरियां ले उड़े बदमाश,स्विफ्ट कार का नंबर भी आया सामने,थाने में एफआईआर दर्ज

 

राँची।बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े बकरी चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है,जिसमें बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, नागेंद्र कुमार की तीन काले रंग की बकरियां दोपहर करीब 1 बजे घर के सामने खुले स्थान पर चर रही थीं।इसी दौरान 1:00 बजे से 1:30 बजे के बीच 2-3 अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और मौका देखकर तीनों बकरियों को उठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद जब परिजनों ने बकरियों को गायब पाया तो आसपास के लोगों से पूछताछ और खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी साजिश सामने आई।फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपराधी एक मारुति स्विफ्ट कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AX-7671) से आए थे और उसी वाहन से बकरियों को लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में बीआईटी मेसरा ओपी में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर चालक, मालिक और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!