तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, जेलर के पिता और बहन गंभीर रूप से घायल

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खरकाबाद में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार कालूबथान निवासी विश्वनाथ गोप अपनी पुत्री कविता गोप  के साथ किसी निजी कार्य से गोविंदपुर आए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खरकाबाद के पास पीछे से तेज गति में आ रहे एक हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को तत्काल एसएनएमएमसीएच भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि विश्वनाथ गोप जमशेदपुर में कार्यरत एक जेलर के पिता हैं, जबकि कविता उनकी बहन हैं। हादसे की सूचना पर परिजनों में चिंता का माहौल है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है। वाहन चालक अनिल कुमार सिंह (34) को हिरासत में लिया गया है। वह बिहार के दरभंगा जिले का निवासी बताया जा रहा है। दुर्घटना में चालक भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोविंदपुर थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, वाहन की रफ्तार कितनी थी और चालक की लापरवाही की क्या भूमिका रही, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

error: Content is protected !!