Ranchi:स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ऑटो हरमू रोड में पलटा, 10 से अधिक छात्र सवार थे…
–-डीएवी कपिलदेव के छात्र थे सवार, चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
राँची।राजधानी राँची के सबसे व्यस्त हरमू रोड में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ऑटो में 10 से अधिक छात्र सवार थे, जो स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे।दुर्घटना में कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ के सिर में भी चोट लगने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय हरमू रोड पर सामान्य दिनों की तरह यातायात का दबाव था। इसी दौरान बच्चों को लेकर जा रहा ऑटो अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। ऑटो पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने ऑटो में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ऑटो में सवार सभी बच्चे डीएवी कपिलदेव स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद बच्चों के पास मौजूद पहचान पत्र (आई-कार्ड) की मदद से उनके अभिभावकों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही कई अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बच्चों को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पतालों और क्लीनिकों में इलाज के लिए ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों की जांच की जा रही है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए हरमू रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लग गई। प्रारंभिक तौर पर ऑटो के अनियंत्रित होने अथवा क्षमता से अधिक बच्चों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों और ओवरलोडिंग जैसे मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

