एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश–

-अपराधियों पर होगी कड़ी नजर, कानून-व्यवस्था और यातायात सुधार पर राँची पुलिस का फोकस

राँची।राजधानी राँची में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने सोमवार (16 जून) को पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगर, ग्रामीण एवं यातायात पुलिस अधीक्षकों के साथ-साथ सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर आम जनता के साथ नियमित संवाद स्थापित कर पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने और जनसहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

एसएसपी ने निर्देश दिया कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों तथा जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही निगरानी (सर्विलांस) एवं डोजियर प्रस्तावों में तेजी लाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में चेन स्नैचिंग, अवैध हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी (एनडीपीएस), चोरी, गृह भेदन और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी पुलिस उपाधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती और पुलिस गतिविधियों की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। रात्रिकालीन गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाते हुए पुलिस अधिकारियों को स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

पॉक्सो मामलों में अनुसंधान की गति बढ़ाने, गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने तथा लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन करने पर भी विशेष बल दिया गया।

इसके अलावा चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, मोबाइल और बैग गुम होने से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा थाना स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित कर लंबित मामलों को समय सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था का सुदृढ़ संधारण और आम जनता की सुरक्षा राँची पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!