सरायकेला:आदिवासी युवती से मारपीट मामले में कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित…
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसांवा जिला अंतर्गत चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित मारपीट और बल प्रयोग के मामले में सरायकेला-खरसावां पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कपाली ओपी के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जून को सामने आए इस मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चांडिल को निर्देशित किया गया था। प्रारंभिक जांच में कपाली ओपी प्रभारी, एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) तथा एक महिला आरक्षी की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई।जांच रिपोर्ट के आधार पर ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सअनि मोहम्मद मुकलेशुर रहमान तथा महिला आरक्षी-981 कंचन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं आदिवासी संगठनों और स्थानीय लोगों की नजर अब आगे की जांच और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

