फोरलेन पर मौत का रहस्य! खेत में मिले दो शव, पुलिस सड़क दुर्घटना मान रही लेकिन जांच सभी पहलुओं पर

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के भदानीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनगड्ढा स्थित फोरलेन सड़क किनारे मंगलवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सड़क दुर्घटना का मामला मान रही है, लेकिन घटनास्थल से बाइक के गायब होने और हादसे से जुड़े कुछ अनसुलझे सवालों ने मामले को रहस्यमय बना दिया है।

मृतकों की पहचान सौंदा डी जयनगर निवासी अमरजीत भुईंया और सोनू कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद भदानीनगर थाना प्रभारी अख्तर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी में सामने आया है कि दो बाइक पर सवार चार युवक तेज गति से बरकाकाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक उछलकर खेत में जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पीछे चल रही दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टकरा गई, जिससे एक युवक घायल हो गया। घायल को उसका साथी तत्काल इलाज के लिए लेकर चला गया। हालांकि हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बाइक का घटनास्थल से गायब होना पुलिस के लिए जांच का विषय बन गया है। जानकारी मिली है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाइक को वहां से हटा दिया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

थाना प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि अब तक की जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!