सनसनीखेज खुलासा: फुटबॉल मैच देखने निकला युवक, 9 महीने बाद कुएं से मिला नरकंकाल! दोस्तों ने कबूला हत्या का राज..तीन गिरफ्तार
गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। फुटबॉल मैच देखने के लिए घर से निकला 27 वर्षीय युवक विनय तिग्गा करीब 9 महीने तक लापता रहा। परिजन उसे जिंदा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन पुलिस जांच में जो सच सामने आया उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जारी थाना क्षेत्र के कटिंबा गांव निवासी विनय तिग्गा 1 अक्टूबर 2025 को फुटबॉल मैच देखने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह कभी घर नहीं लौटा। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन महीनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विनय की हत्या उसके ही कुछ दोस्तों ने कर दी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि शव को बंझर डांड़टोली स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया था।
इसके बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में कुएं की तलाशी ली, जहां से मानव नरकंकाल बरामद किया गया।
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि आरोपियों और विनय के बीच पहले से ही कोई विवाद चल रहा था। एक अक्टूबर को फुटबॉल ग्राउंड में मैच के दौरान उनके बीच फिर से किसी बात को लेकर तीखी बहस और विवाद हुआ। इसी आक्रोश में आकर दोस्तों ने मिलकर विनय की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बंझर डांड़टोली स्थित एक सुनसान कुएं में फेंक दिया, ताकि किसी को भनक न लग सके।
पुलिस ने हत्या के आरोप में अजय बरवा, ग्रेगोरी बरवा और दीपक बरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद कंकाल को पहचान और वैज्ञानिक जांच के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है।
9 महीने तक गायब युवक, दोस्तों पर हत्या का आरोप, कुएं से मिला नरकंकाल और अब एक-एक परत खुल रही है। इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।

