राँची में होटल की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा, पुलिस ने किया भंडाफोड़…दो महिला सहित छह गिरफ्तार…
राँची।राजधानी राँची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित शिवम पैलेस होटल पर फिल्मी अंदाज में छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में होटल मैनेजर समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक,राँची एसएसपी राकेश रंजन को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि होटल की आड़ में देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है।सूचना की पुष्टि होते ही एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल को चारों ओर से घेर लिया और अचानक दबिश देकर वहां मौजूद लोगों को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल की एक महिला 40, एक 20 साल की युवती, तीन ग्राहक और होटल मैनेजर पुलिस के हत्थे चढ़ गए।कार्रवाई के दौरान होटल परिसर से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित नेटवर्क का संचालन कब से हो रहा था और इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और होटल कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ाई एक महिला दलाल राँची में कई होटलों में युवतियों को देह-व्यापार के लिए भेजा करती है।महिला दलाल ही शहर में कई दलाल से सम्पर्क कर लड़कियां उपलब्ध कराती है।महिला दलाल से पूछताछ जारी है।

