दुमका:रांगा गांव दिनदहाड़े गोलीबारी से दहशत,एक व्यक्ति को सीने में मारी गोली,स्थिति गंभीर

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के रांगा गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने 45 वर्षीय हारून अंसारी को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल हारून अंसारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सुभाष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुमका सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार गोली सीने में गहराई तक धंस गई है और घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। दुमका सदर अस्पताल में उनकी इमरजेंसी सर्जरी की तैयारी की जा रही है। फिलहाल हारून अंसारी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुराने आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक जमीन समेत अन्य मामलों को लेकर पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।घटना के बाद रांगा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस इलाके में लगातार निगरानी रख रही है।

सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि रांगा गांव में गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!