राँची: आंगन के ही कुएं में समा गई मासूम नित्यांश की जिंदगी, खेलते-खेलते हुआ दर्दनाक हादसा

​राँची।एक हँसता-खेलता पाँच साल का बच्चा, जो कल शाम तक अपने घर के आंगन में चहक रहा था, आज उसकी खामोशी ने पूरे इलाके की रूह कँपा दी है। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हेसाग (तिरंगा चौक, लटमा) से बुधवार शाम अचानक लापता हुए मासूम नित्यांश मिर्धा का शव गुरुवार को उसके ही घर के आंगन में बने कुएं से बरामद हुआ।​जिस बच्चे को पूरा परिवार और पुलिस रात भर सड़कों और सीसीटीवी कैमरों में तलाशती रही, उसका वजूद घर के ही आंगन के एक अंधेरे कुएं में सिमट कर रह गया था।

​बुधवार की शाम करीब आठ बजे का वक्त था। नित्यांश घर के आंगन में ही खेल रहा था। पलक झपकते ही वह नजरों से ओझल हो गया। पहले लगा कि आसपास ही कहीं गया होगा, लेकिन जब मिनट घंटों में बदलने लगे, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। गली-मोहल्ले छाने के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तो बदहवास परिजन रात 10 बजे जगन्नाथपुर थाने पहुँचे।

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई

​गुरुवार की सुबह पुलिस की दो अलग-अलग टीमें एक्शन में दिखीं और इलाके के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी थी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या मासूम को कोई उठा ले गया है।नित्यांश के घर और आसपास के दायरे में तलाशी अभियान चला रही थी। साथ ही उन बच्चों से भी प्यार से पूछताछ की जा रही थी, जिनके साथ नित्यांश शाम को खेल रहा था।​इसी बीच,घर के आंगन में बने कुएं के ठीक किनारे पुलिस की नजर एक जोड़ी छोटी सी चप्पल पर पड़ी। वह चप्पल नित्यांश की ही थी।चप्पल मिलते ही आशंका गहरा गई। पुलिस ने तुरंत कुएं के भीतर तलाशी शुरू की। कुछ ही पलों में वह दुखद सच सामने आ गया जिसका डर हर किसी को था।मासूम नित्यांश का बेजान शरीर पानी के ऊपर तैर आया।

​स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया गया। शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर माना जा रहा है कि नित्यांश खेलते-खेलते संतुलन बिगड़ने की वजह से कुएं में गिर गया था।

​जैसे ही यह खबर हेसाग इलाके में फैली, देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जम गई। जिस आंगन में कल तक नित्यांश की किलकारियां गूंजती थीं, आज वहां उसकी मां की चीत्कार और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके की आंखों को नम कर दिया है।

error: Content is protected !!