हजारीबाग पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़: एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर,कुल 5 अपराधी गिरफ्तार..हथियार बरामद

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा संचालित आपराधिक संगठन ‘कोयलांचल शांति सेना’ के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।हजारीबाग पुलिस की एसआईटी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में गिरोह के 5 सक्रिय अपराधियों को हथियार और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

​हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को 29 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर प्रिंस खान का गिरोह कोयलांचल शांति सेना (KSS) का विस्तार हजारीबाग और आसपास के कोयला खनन क्षेत्रों में कर रहा है। इस गिरोह द्वारा नए और पुराने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संगठन में जोड़ने तथा रंगदारी (लेवी) वसूलने के लिए दहशत फैलाने की योजना बनाई जा रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) श्री अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

​टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर सबसे पहले पेलावल थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की। वहाँ से भागने की कोशिश कर रहे मो० शमशाद उर्फ साहिल (22 वर्ष) को मोबाइल के साथ पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ में शमशाद ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान और जेल में बंद उसके गुर्गों के लिए काम करता है। शमशाद की निशानदेही पर लोहसिंगना थाना क्षेत्र के मंडई कला से वकास हैदर को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से मार्क 303 की 20 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। इस सम्बंध में लोहसिंगना थाना कांड सं०-99/26 दर्ज किया गया है।

​पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने बोकारो के चास निवासी दो अपराधियों अरुण कुमार सिंह और रौशन मालाकार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। इनकी निशानदेही पर चरही रेलवे साइडिंग के पास से 01 देशी कट्टा और 02 जिंदा गोली बरामद की गई, जिसके संबंध में चरही थाना कांड सं०-62/26 दर्ज किया गया।

​बड़कागांव के कोयला खनन क्षेत्र में मुठभेड़

​पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह के सदस्य बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम-आराहरा, 13 मील (TP-5) के पास ट्रांसपोर्टिंग रोड में चलने वाली हाइवा गाड़ियों पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और लेवी वसूलने की नीयत से जुटने वाले हैं।सूचना मिलते ही 30 जुलाई की सुबह तड़के करीब 04:00 बजे बड़कागांव कोयला क्षेत्र में पुलिस ने सघन जांच अभियान और नाकाबंदी शुरू की। बुढ़ना घाटी पुलिया के पास जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो कुछ संदिग्ध व्यक्ति लकुरा गांव की कच्ची सड़क की ओर भागने लगे। भागने के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए 6 से 7 राउंड फायरिंग की।

​पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य अपराधी जंगलों की तरफ भाग निकले।घायल अपराधी की पहचान सैयद मोहम्मद जीशान (निवासी- आजाद नगर, पेलावल, हजारीबाग) के रूप में हुई। उसके पास से पुलिस पर फायर किया गया 01 देशी पिस्टल और मैगजीन में लोडेड 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बड़कागांव थाना में कांड सं०-134/26 दर्ज कर घायल अपराधी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल हजारीबाग में कराया जा रहा है।

​जेल में बंद आकाओं के इशारे पर हो रही थी लेवी की वसूली

​घायल अपराधी जीशान ने खुलासा किया कि हजारीबाग जेल में बंद कुबेर उर्फ अमन कुमार सिंह, नीतीश वत्स और सागर सिंह के कहने पर प्रिंस खान गिरोह के सदस्य बड़कागांव और आसपास के कोयला खनन क्षेत्रों में रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने का काम कर रहे थे। मो० शमशाद, वकास हैदर, अरुण सिंह और रौशन मालाकार जैसे सदस्य संगठन के लिए हथियार, गोली और पैसों का प्रबंधन करते थे।

​पुलिस की कुल बरामदगी:

​देशी पिस्टल: 01,​देशी कट्टा: 01,​जिंदा गोली: 03,मार्क 303 की जिंदा गोली: 20,​मोबाइल फोन: 05

​गिरफ्तार अपराधियों की सूची और आपराधिक इतिहास:

​सैयद मोहम्मद जीशान (पेलावल, हजारीबाग – घायल): पूर्व में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज है।

मो० शमशाद उर्फ साहिल (पेलावल, हजारीबाग)

वकास हैदर (लोहसिंगना, हजारीबाग)

अरुण कुमार सिंह (चास, बोकारो): इसके खिलाफ चास, पुतकी, बरवड्डा, केन्दुआडीह, बैंक मोड़ और कतरास थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

​रौशन मालाकार (चास, बोकारो)

​इस सफल कार्रवाई और छापामारी अभियान में SDPO बड़कागांव अमित आनंद, SDPO सदर रूपक कुमार, SDPO विष्णुगढ़ फौजान अहमद सहित बड़कागांव, केरेडारी, चरही, कोर्रा, लोहसिंगना, पेलावल व पगार के थाना/ओपी प्रभारी तथा पुलिस की तकनीकी व संगठित अपराध शाखा की टीम शामिल थी। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। 

error: Content is protected !!