बोकारो:सुबह-सुबह रेलवे पटरी पर लाशें देख दहल उठा इलाका, मौके पर पहुंची जीआरपी और पुलिस,तीन युवकों के क्षत-विक्षत शव बरामद…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले से इस वक्त की एक बेहद संवेदनशील और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आ रही है। बोकारो रेलवे स्टेशन से महज 9 किलोमीटर दूर, राधानगर पंचायत के समीप लावाटांड़ क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शवों को क्षत-विक्षत हालत में देखा। ट्रैक पर बिखरी लाशों को देखते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की भयावहता को देखते हुए तुरंत जीआरपी बोकारो और स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल के ठीक पास से ही पुलिस को एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। शुरुआती कयासों के मुताबिक, तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और गहरा रहस्य है, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आ पाई है।
पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसके जरिए दो मृतक की पहचान बबूल सोरेन के रूप में की गई है। वह सूरजलाल सोरेन का पुत्र था और गोमिया प्रखंड के मडवाडीह (टीकाहारा, बरकी पुनु गांव) का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, दूसरे युवक का नाम दीपक सोरेन सामने आया है। तीसरे युवक और बाकी विवरणों की पुष्टि के लिए जीआरपी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
जीआरपी और बोकारो पुलिस ने सभी शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आखिर तीनों युवक रात के वक्त वहां क्या कर रहे थे और हादसा कैसे हुआ, इन तमाम कड़ियों को जोड़ने में पुलिस जुटी हुई है।

