रफ्तार का कहर:राँची में दो हादसों में तीन बाइक सवार युवकों की मौत,दो घायल
राँची। राजधानी राँची में बुधवार को रिंग रोड पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन बाइक सवार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन से अधिक लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है।
पहली घटना बेड़ो थाना क्षेत्र के पांडेपारा मोड़ के पास हुई, जहां एक ही बाइक पर सवार चार युवक हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि बाइक काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बेड़ो पुलिस ने बताया कि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ है।
वहीं दूसरी घटना नेवरी रिंग रोड के पास हुई। यहां पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक बाइक सवार बैरिकेडिंग में जा घुसा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।

