लव का ‘हाईवोल्टेज’ ड्रामा: बॉयफ्रेंड नहीं आया तो 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका…
गुमला। “वीरू” अगर वक्त पर नहीं पहुंचेगा, तो “बसंती” टावर पर ही चढ़ेगी,’बसंती’ बात नहीं मानेगी तो “वीरू” टावर पर चढ़ेगा।! आजकल अपनी बात मनवाने के लिए बिजली और मोबाइल कम्पनी के बड़े-बड़े टावरों पर चढ़ने का एक नया ही ट्रेंड चल पड़ा है। ताजा मामला गुमला से आया है, जहां बुधवार को प्यार में रूठी एक युवती ने बीच सड़क पर ऐसा ‘हाईवोल्टेज ड्रामा’ किया कि पूरे इलाके के लोगों की सांसें हलक में अटक गईं।
‘डेट’ पर नहीं आया प्रेमी, तो पार हो गया गुस्से का मीटर
बताया जा रहा है कि मैडम किसी दूसरे गांव से सज-धजकर बाईपास रोड स्थित बायो पार्क पहुंची थीं। मौका था ‘लव पार्टनर’ से मुलाकात का। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जब महाशय (प्रेमी) पार्क नहीं पहुंचे, तो युवती का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया गुस्से से लाल युवती पार्क से निकली और पास के नदी टोली में स्थित करीब 60 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली टावर पर दनादन चढ़ना शुरू कर दिया।गनीमत यह रही कि उस वक्त टावर की लाइनों में करंट (बिजली) प्रवाहित नहीं हो रहा था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
नीचे रील बनाने वाले एक्टिव, ऊपर जान देने की धमकी
टावर के बिल्कुल ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर युवती ने नीचे खड़े लोगों को अल्टीमेटम दे दिया—”या तो मेरे प्रेमी को तुरंत यहां बुलाओ, नहीं तो मैं ऊपर से कूदकर जान दे दूंगी!” अजीब बात यह रही कि नीचे जुटी भारी भीड़ में से ज्यादातर लोग युवती को समझाने या मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन निकालकर फोटो खींचने और वीडियो-रील बनाने में मशगूल रहे। इससे वहां का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस बनी ‘सिंघम’, जवानों ने जान पर खेलकर उतारा नीचे
मामला जब हाथ से निकलने लगा तो किसी ने 100 डायल कर पुलिस को फोन घुमाया। सूचना मिलते ही एएसआई हेमा देवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। पहले तो पुलिस ने नीचे से ही समझाकर युवती को उतारने की कोशिश की, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही।जब बात नहीं बनी, तो पुलिस के जांबाज जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए खुद उस 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ना शुरू किया।घंटों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद जवानों ने युवती को टावर के ऊपर ही पकड़ा और धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जब तक पुलिस युवती को नीचे लाती, तब तक रोते-बिलखते उसके परिजन भी मौके पर पहुंच चुके थे। पुलिस ने थाने ले जाकर युवती से जरूरी पूछताछ की, उसे समझाया-बुझाया और फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के हवाले कर दिया।
फिलहाल, पूरे गुमला में पुलिस की इस जांबाजी और युवती के इस ‘शोले स्टाइल’ ड्रामे की चटखारे लेकर चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं—बात मनवानी हो तो आजकल लोग सीधे आसमान की तरफ ही रुख करते हैं!

