होटल में लगी भीषण आग,कई विदेशी सहित 21 लोगों की जिंदा जलकर मौत, कई घायल

 

नई दिल्ली।दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल-कम-गेस्ट हाउस में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 11 से अधिक विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। हादसे में 40 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।वहीं बचाव कार्य मे जुटे करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हो गए है।

आग ग्राउंड और पहली मंजिल से शुरू हुई, जिससे ऊपरी मंजिलों पर ठहरे लोग फंस गए। जान बचाने के लिए कई लोगों को दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से कूदना पड़ा। स्थानीय लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, गद्दे बिछाए और रस्सियों की मदद से कई लोगों को बाहर निकाला।

चश्मदीदों के अनुसार, आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के निवासी मदद के लिए दौड़े और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले राहत कार्य शुरू कर दिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक आग लगने की सूचना सुबह 8:48 बजे मिली थी। पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!