सड़क किनारे खड़ी यात्री बस में लगी भीषण आग, जलकर खाक

 

जमशेदपुर।मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित राज मोबाइल के समीप बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस को रोजाना की तरह मंगलवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद सड़क किनारे खड़ा किया गया था। बुधवार सुबह अचानक बस से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद उसमें तेज लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस, अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग को जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और केवल उसका लोहे का ढांचा ही बचा था। आग की तेज लपटों की चपेट में आने से पास स्थित बिजली का पोल और विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

घटना के दौरान आसपास की दुकानों और आवासीय भवनों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी अन्य संपत्ति को बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट गए हैं। वहीं आजादनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी या इसके पीछे किसी असामाजिक तत्व की भूमिका है।फिलहाल, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस के पूरी तरह जल जाने से मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

error: Content is protected !!