मृतक के बीमा और जमा राशि दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी, SBI शाखा प्रबंधक CBI के हत्थे चढ़ा:77 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत
गोड्डा/धनबाद। मृतक महिला के बीमा और बैंक खाते की राशि उसके उत्तराधिकारी को दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगना एसबीआई शाखा प्रबंधक को भारी पड़ गया। गोड्डा जिले के महागामा अनुमंडल अंतर्गत डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा के प्रबंधक रोहित कुमार सिंह को सीबीआई ने 77 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे धनबाद स्थित सीबीआई के विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई के अनुसार, महागामा क्षेत्र के कुसुमघाटी जोलो पहाड़ निवासी पहाड़िया आदिवासी इतवारी माल्टो की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि उनकी मां मंगली पहाड़िन का डुमरिया एसबीआई शाखा में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा था। 21 जून 2025 को उनकी मृत्यु के बाद बीमा की दो लाख रुपये की राशि और बचत खाते में जमा 35 हजार रुपये नोमिनी होने के कारण इतवारी माल्टो के खाते में स्थानांतरित कर दिए गए थे।
आरोप है कि बैंक प्रबंधक रोहित कुमार सिंह ने खाते पर होल्ड लगाकर निकासी रोक दी और होल्ड हटाने के एवज में बीमा राशि के लिए 60 हजार रुपये तथा बचत खाते की राशि के लिए 17 हजार रुपये, कुल 77 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
पीड़ित इतवारी माल्टो ने 14 मई को धनबाद सीबीआई के एसपी भंवर लाल मीना से मामले की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। सोमवार को आरोपी शाखा प्रबंधक को रिश्वत की रकम लेते ही रंगेहाथ दबोच लिया गया।
चार घंटे तक चली सीबीआई की छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सोमवार को शाम करीब 4 बजे से रात 8 बजे तक डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा में सीबीआई की टीम ने व्यापक छापेमारी की। कार्रवाई में धनबाद और दिल्ली से आए अधिकारियों की टीम शामिल थी। इस दौरान बैंक के दस्तावेजों और अभिलेखों की गहन जांच की गई। शाखा प्रबंधक और कैशियर से भी लंबी पूछताछ की गई।
सीबीआई की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा। सूत्रों के अनुसार, जांच मृतक खाताधारकों की जमा राशि उनके उत्तराधिकारियों को दिलाने की प्रक्रिया में कथित रिश्वतखोरी से जुड़े मामले को लेकर की जा रही थी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
सीबीआई की इस कार्रवाई को बैंकिंग व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की अनियमितताओं में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

