पीएनबी ऐप डाउनलोड कराते ही बुजुर्ग का फोन हैक, खाते से उड़ाए 1.68 लाख…

 

राँची। फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों का जाल लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामला राँची जिला के खलारी थाना क्षेत्र का है, जहां एक 63 वर्षीय बुजुर्ग मरियानुस किन्डो साइबर ठगों के नए पैंतरे का शिकार हो गए। ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर दो दिनों के भीतर बैंक खाते से कुल 1,68,655 उड़ा लिए। पीड़ित ने इस संबंध में रांची के साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित मरियानुस किन्डो के अनुसार, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर (7029469743) से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक के सर्विस सेंटर का कर्मचारी बताया। जालसाल ने बुजुर्ग से कहा कि वे तुरंत अपने फोन में ‘पीएनबी वन एप’ इंस्टॉल करें। जब पीड़ित ने इस पर आपत्ति जताई, तो ठग ने उन्हें डराया कि यदि ऐप डाउनलोड नहीं किया गया, तो उनका बैंक खाता हमेशा के लिए ब्लॉक (बंद) कर दिया जाएगा। खाता बंद होने के डर से बुजुर्ग ठगों की बातों में आ गए।

शिकायत के मुताबिक, जैसे ही बुजुर्ग ने ऐप डाउनलोड कर उसमें अपने एटीएम कार्ड की डिटेल डाली और स्क्रीन को टच किया, वैसे ही उनका फोन हैक हो गया। साइबर अपराधियों ने तकनीकी हेरफेर कर उनके एटीएम कार्ड का 4-डिजिट का गोपनीय पिन बदल दिया और खाते का पूरा एक्सेस अपने हाथ में ले लिया। खाते का नियंत्रण मिलते ही साइबर अपराधियों ने ताबड़तोड़ ट्रांजैक्शन शुरू कर दिए। अपराधियों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1.68 लाख से अधिक की राशि बैंक खाते से गायब कर दी।

error: Content is protected !!