एक फोटो और उजड़ गया परिवार: पलामू ऑनर किलिंग केस में बड़ा खुलासा,पिता गिरफ्तार
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में हुई ऑनर किलिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतका के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है। इस मामले की जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पिता ने गुस्से में आकर अपनी ही बेटी पर टांगी से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के पीछे कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों को कारण माना जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवती का कथित प्रेमी उससे संबंध खत्म करना चाहता था। आरोप है कि उसने एक अन्य व्यक्ति के साथ युवती की तस्वीरें लेकर उन्हें उसके माता-पिता तक पहुंचाया। तस्वीरें देखने के बाद परिवार में तनाव बढ़ा और आखिरकार यह विवाद हत्या जैसी दर्दनाक घटना में बदल गया।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में युवती के कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर युवती के खिलाफ दुष्प्रचार करने और परिस्थितियों को भड़काने का आरोप है।
पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की घटना तक पहुंचने में किन-किन लोगों की क्या भूमिका रही। मामले की जांच जारी है।

