शहर के बीचोबीच चल रहा था नकली शराब का काला कारोबार, पुलिस पहुंची तो मच गई भगदड़,भट्ठियां ध्वस्त
राँची। नकली और अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ राँची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बीचोबीच चल रहे अवैध शराब निर्माण के अड्डों का भंडाफोड़ किया है। देर रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में महुआ समेत शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की और कई अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर नकली शराब तैयार की जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने सोमवार देर रात अचानक छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन उनके पूरे नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकली शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी, ताकि उसका दोबारा इस्तेमाल न हो सके। साथ ही अवैध भट्ठियों को तोड़कर कारोबारियों की कमर तोड़ दी गई।
रात में धंधा, रात में सप्लाई की थी योजना
जांच में सामने आया है कि शराब तस्करों ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपना पूरा कारोबार रात में शिफ्ट कर दिया था। योजना के तहत रात में शराब तैयार की जाती थी और अगले दिन रात के समय ही सप्लाई चेन के जरिए बाजार में पहुंचाई जाती थी। लेकिन पुलिस की नई रणनीति ने तस्करों के इस खेल पर पानी फेर दिया।
एसएसपी ने बनाई स्पेशल नाइट टीम
राँची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि अवैध और नकली शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में कार्रवाई के बाद सूचना मिली थी कि शहर के कुछ हिस्सों में रात के समय शराब बनाई जा रही है। इसके बाद विशेष रात्रि अभियान टीम का गठन किया गया है, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में निगरानी कर रही है और सूचना मिलते ही तत्काल छापेमारी कर रही है।पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

