झारखण्ड में दागी अफसरों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! CM के आदेश के बाद बन रही सीक्रेट लिस्ट, फील्ड पोस्टिंग से होंगे बाहर
राँची।झारखण्ड में अब विवादित और दागी अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद सरकार ने ऐसे अधिकारियों की गोपनीय सूची (सीक्रेट लिस्ट) तैयार करनी शुरू कर दी है, जिन पर भ्रष्टाचार, लापरवाही या जनता से दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, आम लोगों के बीच काम करने वाले विवादित थानेदारों और अन्य अधिकारियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जिन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है, भ्रष्टाचार की शिकायतें दर्ज हैं या जिनके कामकाज पर सवाल उठते रहे हैं, उनकी गोपनीय रिपोर्ट मंगाई जा रही है।
बड़े पैमाने पर होगा तबादला
जानकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्यभर में थानेदारों और जूनियर अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण-पदस्थापन किया जाएगा। दागी और विवादित अधिकारियों को फील्ड से हटाकर विभिन्न इकाइयों में भेजा जा सकता है।
कई घटनाओं के बाद सरकार सख्त
सरकार का यह कदम हाल के वर्षों में सामने आए कई विवादित मामलों के बाद उठाया गया है।बोकारो छात्रा अपहरण मामले में पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठे थे। हाईकोर्ट की फटकार के बाद जांच तेज हुई और छात्रा का कंकाल बरामद हुआ। मामले में तत्कालीन थानेदार सहित पूरे थाने के 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।वहीं चतरा जिले के वशिष्ठ नगर जोरी थाना के थानेदार और एक सब-इंस्पेक्टर पर प्राथमिकी दर्ज करने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। ऑडियो वायरल होने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया था।
जीरो टॉलरेंस का संदेश सरकार का यह कदम
प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने और जनता का भरोसा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। संकेत साफ हैं कि अब भ्रष्टाचार, लापरवाही और विवादों में घिरे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

