होटवार जेल दुष्कर्म कांड में बड़ा ट्विस्ट! जमानत पर जेल से बाहर निकली महिला बोली- मेरे साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ

 

राँची। होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में कथित दुष्कर्म और महिला कैदी के गर्भवती होने की चर्चाओं के बीच मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। जिस महिला को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे थे, उसने जेल से रिहा होने के बाद सामने आकर सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

ब्राउन शुगर पैडलिंग मामले में गिरफ्तार महिला होटवार जेल में बंद थी। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म होने और गर्भवती होने की खबरों ने राज्य की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी थी। मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए थे। वहीं अदालत ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए संज्ञान लिया था। 

जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद महिला ने साफ शब्दों में कहा कि उसके साथ जेल परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की कोई गलत घटना नहीं हुई है। उसने कहा कि न तो उसने किसी के खिलाफ शिकायत की है और न ही जेल में किसी तरह की अनैतिक गतिविधि हुई है।महिला ने कहा कि जेल के अंदर ऐसी घटना होना संभव नहीं है और उसे खुद भी नहीं पता कि इस तरह की खबरें और आरोप आखिर बाहर कैसे पहुंचे।

महिला की माँ ने भी बेटी के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होने से साफ इनकार किया है। परिवार के इस बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब पहले लगाए गए आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।पीड़िता और उसके परिवार के बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर दुष्कर्म और गर्भवती होने जैसी खबरें किस आधार पर सामने आईं? क्या मामले में गलत जानकारी फैलाई गई या फिर जांच में कुछ और तथ्य सामने आएंगे? फिलहाल महिला के बयान ने पूरे विवाद की दिशा बदल दी है और अब सभी की नजर जांच एजेंसियों तथा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

error: Content is protected !!