आधी रात जेल में कैदियों का तांडव, सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर 17 फरार, चार गिरफ्तार

 

डेस्क/चेन्नई।तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कम्पट्टी जेल में सोमवार देर रात सनसनीखेज जेल ब्रेक की घटना सामने आई। मिर्गी का दौरा पड़ने का बहाना बनाकर कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों को बैरक में बुलाया और अचानक उन पर हमला कर दिया।इसके बाद एक साथ 17 कैदी जेल से फरार हो गए। घटना में एक जेलकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई,जबकि दो अन्य कर्मी भी घायल हुए हैं। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी एक ही बैरक में बंद थे। सोमवार देर रात कैदियों ने जेलकर्मियों को बताया कि एक कैदी की तबीयत बिगड़ गई है और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा है।जैसे ही कर्मचारी मदद के लिए बैरक के अंदर पहुंचे,कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।कैदियों की इस सुनियोजित हरकत से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

एक जेलकर्मी गंभीर रूप से घायल, दो को भी आई चोट
अचानक हुए हमले में थेनी जिला जेल के ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात दो अन्य जेलकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं।

17 विशेष टीमें गठित, चार कैदी दोबारा गिरफ्तार
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी के मुताबिक, फरार हुए 17 कैदियों में से चार को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। बाकी कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की ओर से व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है और फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

तीन जिलों में अलर्ट, 16 चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच
घटना के बाद मदुरै, डिंडीगुल और पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए जिले में 16 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। डिंडीगुल-थेनी हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। फरार कैदियों की तस्वीरें आसपास के पुलिस थानों में भेजी गई हैं, ताकि उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, सांसद ने जताई नाराजगी
जेल से एक साथ 17 कैदियों के फरार होने की घटना ने राज्य की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीएमके के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को बेहद शर्मनाक बताया और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की।फिलहाल पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुटी है। अब सबसे बड़ी चुनौती बाकी 13 कैदियों को जल्द पकड़ना और जेल से फरार होने की पूरी साजिश का पता लगाना है।

error: Content is protected !!