जमशेदपुर में जुआ अड्डे पर पुलिस की बड़ी रेड, 7.65 लाख कैश बरामद; व्यापारी से टाटा मोटर्स कर्मी तक 15 गिरफ्तार, सभी जेल भेजे गये
जमशेदपुर। घर के अंदर सजती थी जुए की महफिल, टेबल पर लगते थे हजारों रुपये के दांव और बाहर खड़ी गाड़ियों से इलाके में बढ़ रही थी हलचल। आखिरकार बिरसानगर पुलिस ने छापेमारी कर इस कथित जुआ अड्डे का पर्दाफाश कर दिया। प्रकाश नगर स्थित नारायणी कॉम्प्लेक्स के एक मकान में चल रहे जुए के खेल पर पुलिस ने रविवार देर रात धावा बोला। मौके से 7 लाख 65 हजार 400 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते समेत अन्य सामान बरामद किये गये। पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें पूछताछ के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। गिरफ्तार लोगों में व्यापारी, चालक और टाटा मोटर्स के कर्मचारी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश नगर में एक मकान के भीतर जुआ संचालित होने की सूचना पिछले तीन-चार दिनों से मिल रही थी। रविवार देर रात पुलिस को फिर खबर मिली कि प्रीतपाल सिंह के मकान में जुए की महफिल जमी है। घर के बाहर बड़ी संख्या में गाड़ियां खड़ी थीं और लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था।सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी के नेतृत्व में बिरसानगर और गोविंदपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी 15 लोगों को पकड़ लिया।मकान के अंदर एक राउंड टेबल पर बड़ी मात्रा में नकदी और ताश के पत्ते रखे हुए थे। कुछ लोग सोफे पर बैठे थे, जबकि कुछ खड़े होकर जुए में दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से नकदी, 15 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और अन्य सामग्री जब्त की। स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति के हथियार लेकर मकान में जाने की आशंका भी जताई थी, लेकिन छापेमारी के दौरान पुलिस को कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।
व्यापारी, चालक और टाटा मोटर्स के कर्मचारी भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में अधिकांश पेशे से व्यापारी हैं। इनमें दो चालक और टाटा मोटर्स के तीन कर्मचारी भी शामिल बताए गये हैं। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर के प्रवीन कुमार सिंह, विमलेश सिंह, अर्जुन महतो, रंजीत महतो, पप्पू शर्मा उर्फ राम प्रकाश और निरंजन श्रीवास्तव शामिल हैं।इसके अलावा कदमा के राजेश कुमार और राजा मंडल, टेल्को के अनिरुद्ध सिंह, जुगसलाई के हरिलाल गुप्ता, आजादनगर के आफताब आलम, बिरसानगर के प्रीतपाल सिंह, बाराद्वारी के रवि कुमार गुप्ता, परसुडीह की लोको कॉलोनी के मिथुन कुमार और सीतारामडेरा के आकाश मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित मकान में पिछले दो-तीन महीनों से लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। दुर्गापूजा से कुछ दिन पहले यह गतिविधि और बढ़ गई थी। बताया गया कि प्रीतपाल सिंह पहले इस मकान का मालिक था, लेकिन बाद में उसने मकान बेच दिया और उसी में किराये पर रहने लगा। परिवार के कुछ दिनों के लिए बाहर जाने के बाद कथित तौर पर मकान में जुआ अड्डा संचालित किया जाने लगा।
मकान में लगातार लोगों की भीड़ जुटने से सोसाइटी के निवासी परेशान थे। इस संबंध में पहले भी शिकायत किये जाने की बात सामने आई है। रविवार को भीड़ बढ़ने और एक व्यक्ति के हथियार लेकर आने की आशंका के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित जुआ अड्डे का संचालन केवल प्रीतपाल सिंह कर रहा था या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति अथवा बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था। पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

