खूंटी: जंगल में मिला युवक का शव, टांगी-हथौड़े से हत्या; करीबी पर शक..

 

खूंटी। झारखण्ड के खूंटी जिले में एक युवक की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई है। कर्रा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय सांदीर मुंडा उर्फ बोथा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर पंडरा परसा टोंगरी के जंगल में मिला। युवक के सिर के पिछले हिस्से, चेहरे और दाहिने कान के नीचे गहरे जख्म के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी और हथौड़ा भी बरामद किया है।

इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि खून के निशान युवक के घर से लेकर शव मिलने की जगह तक मिले हैं। आखिर सांदीर के साथ घर में क्या हुआ था? उसे जंगल तक कौन ले गया? और किसने इतनी बेरहमी से उसकी जान ले ली? इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

मृतक सांदीर मुंडा कर्रा थाना क्षेत्र के हाकाजांग पंचायत अंतर्गत बरांगो नीचे टोली का रहने वाला था। ग्रामीणों के अनुसार, वह रविवार शाम करीब छह बजे से लापता था। परिजनों और ग्रामीणों को उस समय अंदाजा नहीं था कि अगले दिन उसकी मौत की खबर सामने आएगी।सोमवार को ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंडरा मध्य विद्यालय के समीप जंगल किनारे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर पहचान की गई तो शव सांदीर मुंडा का निकला। खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर कई गहरे जख्म पाए गए। ग्रामीणों के मुताबिक, उसके घर से शव मिलने की जगह तक खून की बूंदों के निशान मिले हैं। इस अहम सुराग को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए मृतक के घर को सील कर दिया है।

डीएसपी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। घटनास्थल से टांगी और हथौड़ा बरामद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात कहां हुई और शव को जंगल तक कैसे पहुंचाया गया।

डीएसपी विजय सिंह ने हत्याकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी करीबी रिश्तेदार ने इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।कर्रा थाना में कांड संख्या 09/26 दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

error: Content is protected !!