अभिजीत हत्याकांड:धनबाद पुलिस का सख्त एक्शन, तीन आरोपियों की कोर्ट तक पैदल परेड

धनबाद। चर्चित अभिजीत हत्याकांड में धनबाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। हत्याकांड में तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पैदल मार्च कराते हुए कोर्ट परिसर तक पहुंचाया। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में कानून का इकबाल कायम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कोर्ट परिसर तक आरोपियों की पैदल परेड के दौरान पुलिस जवान पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। आधुनिक हथियारों से लैस जवानों के सुरक्षा घेरे में तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया गया। सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर अभिजीत हत्याकांड को लेकर शहर में चर्चा तेज कर दी है।

जन्मदिन की पार्टी में शुरू हुआ विवाद, अस्पताल में तोड़ा दम
मामले के अनुसार, अभिजीत के साथ एक स्थानीय होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अभिजीत की मौत के बाद शहर में आक्रोश फैल गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू की। इससे पहले दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस को मामले की जांच आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पूछताछ में खुल सकते हैं हत्याकांड के कई राज
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसमें किसकी क्या भूमिका थी और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं में कौन-कौन शामिल हो सकता है। फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की छापेमारी जारी है।कोर्ट में पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

error: Content is protected !!