हजारीबाग में सनसनी: 24 घंटे में नदी और कुएं से मिले लापता भाई-बहन के शव…

 

हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 27 मई से लापता सगे भाई-बहन के शव 24 घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय तमन्ना परवीन का शव रविवार देर शाम सिंदूर नदी से बरामद किया गया था। वहीं सोमवार को उसके 3 वर्षीय भाई रिजवान का शव सिंदूर क्षेत्र के एक कुएं से मिला। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।बताया जा रहा है कि बच्चों का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और हजारीबाग में खिलौने बेचकर अपना जीवन यापन करता है। बच्चों के अचानक गायब होने के बाद पिता ने कटकमदाग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी अमन कुमार के निर्देश पर एएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। फॉरेंसिक और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का दावा है कि विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
दो मासूम भाई-बहन की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दोनों बच्चों के साथ क्या हुआ? क्या यह हादसा है या किसी साजिश का हिस्सा? इन सवालों के जवाब अब SIT जांच से ही सामने आएंगे।

error: Content is protected !!