राँची में ट्रैफिक व्यवस्था का एसएसपी ने लिया जायजा, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर चला अभियान…

 

राँची।राजधानी राँची में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पुलिस अधीक्षक (यातायात) के साथ शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर मेनरोड अंजुमन प्लाजा तक किया गया।निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहन चालकों, फुटपाथ एवं सड़क पर दुकान लगाने वालों तथा अन्य प्रकार के अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित मार्गों पर मोटरसाइकिल एवं अन्य वाहन खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए।

अधिकारियों ने पार्किंग स्टैंडों का भी निरीक्षण किया और वहां खड़े वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से पार्क कराने का निर्देश दिया। इस दौरान ट्रैफिक पोस्टों में तैनात यातायात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को एसएसपी द्वारा यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!