राँची पुलिस को एडीजी का सख्त संदेश: अपराध और नशा कारोबार पर करें निर्णायक प्रहार..

 

राँची। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को राँची पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज कौशिक अपर पुलिस महानिदेशक सीआईडी सह पुलिस महानिरीक्षक, राँची प्रक्षेत्र ने की। इस दौरान जिले के सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, राकेश रंजन,सिटी और ग्रामीण एसपी, पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के अनुसंधान और विशेष अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपराध नियंत्रण और निगरानी को सशक्त बनाने के लिए संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर आधुनिक तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं। पहले से लगे कैमरों की भी समीक्षा कर अतिरिक्त स्थानों का चयन करने को कहा गया।

अधिकारियों ने जिले में कार्यरत पीसीआर, टाइगर मोबाइल, शक्ति कमांडो, हाईवे पेट्रोलिंग और अन्य गश्ती दलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। वैज्ञानिक साक्ष्यों के उपयोग और समय पर आरोप-पत्र समर्पित करने के निर्देश भी दिए गए।

गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्धारित मानक कार्यप्रणाली (SOP) का पालन करने और बच्चों की जल्द बरामदगी के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया गया।

नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान, स्कूल-कॉलेज रहेंगे निगरानी में

NDPS अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यकतानुसार छापेमारी करने को कहा गया।इसके अलावा 10 जून से 25 जून 2026 तक जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।

संगठित अपराध, रंगदारी और भू-माफियाओं पर सख्ती

बैठक में संगठित अपराध, रंगदारी वसूली, आपराधिक गिरोहों और भू-माफियाओं की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए इनके खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क की जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को मिला सम्मान

बैठक के अंत में अपराध नियंत्रण, उत्कृष्ट अनुसंधान और महत्वपूर्ण मामलों के सफल उद्भेदन में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) को अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कई अनुसंधानकर्ताओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पेशेवर दृष्टिकोण अपनाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

error: Content is protected !!