गुमला: गाय को बचाने के प्रयास में पलटा ट्रैक्टर,कई लोग गंभीर रूप से घायल
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में सदर थाना क्षेत्र के माड़ापानी गांव के पास ईंट लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ईंट लेकर कुरूमगढ़ में निर्माणाधीन अस्पताल तक गया था। वहां ईंट पहुंचाने के बाद ट्रैक्टर वापस लौट रहा था।इसी दौरान माड़ापानी गांव के पास सड़क पर अचानक एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को मोड़ने की कोशिश की।गाय को बचाने के दौरान ट्रैक्टर का एक पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया।हादसे में धर्मेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, वासुदेव कुमार सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा।वहीं गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार और वासुदेव कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया है।चिकित्सकों की देखरेख में सभी का उपचार जारी है।

