प्रिंस खान गैंग पर बोकारो पुलिस का बड़ा प्रहार, रंगदारी का ‘मैसेंजर’ गिरफ्तार

 

बोकारो। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए बोकारो पुलिस ने उसके एक अहम सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार पर बीएमडब्ल्यू प्लांट से रंगदारी मांगने, धमकी भरा पर्चा छोड़ने और गैंग के लिए।सक्रिय रूप से काम करने का आरोप है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि राकेश कुमार सीधे प्रिंस खान के संपर्क में था और उसके निर्देश पर ही उसने फैक्ट्री परिसर में धमकी भरा पर्चा छोड़ा था। बाद में इसी पर्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई।

मामला 12 मार्च का है, जब बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने औद्योगिक ओपी बालीडीह में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि फैक्ट्री लगाने के एवज में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगी जा रही है और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।शिकायत के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान राकेश कुमार की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, रंगदारी और धमकी फैलाने के एवज में प्रिंस खान ने आरोपी के दो बैंक खातों में करीब 1.50 लाख रुपये भेजे थे। अब पुलिस इन बैंक लेन-देन और गैंग के अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच कर रही है।आरोपी के पास से बरामद रेडमी-8 मोबाइल फोन से भी कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिससे प्रिंस खान गैंग के नेटवर्क से जुड़े और राज खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस का मानना है कि यह गिरफ्तारी सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि प्रिंस खान गैंग की रंगदारी तंत्र पर सीधा प्रहार है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!