गढ़वा में हाई-वोल्टेज ड्रामा: ​’शोले’ स्टाइल में 55 फीट ऊंची टंकी पर चढ़े दामाद जी, मौसी की जगह मधुमक्खियों ने किया स्वागत; फिर जो हुआ…

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले से ‘शोले’ फिल्म के वीरू जैसा एक बेहद हैरान करने वाला और हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। केतार प्रखंड के चेचरिया गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में करीब 55 फीट ऊंची पानी की टंकी पर जा चढ़ा। लेकिन इस कहानी में ट्विस्ट तब आया जब टंकी पर पहले से कब्जा जमाए बैठी मधुमक्खियों ने उस पर धावा बोल दिया।

​मिली जानकारी के मुताबिक, श्री बंशीधर नगर के रहने वाले 35 वर्षीय कमलेश गुप्ता अपने ससुराल (केतार थाना क्षेत्र के अंजनिया गांव निवासी सुरेश साव के घर) आए हुए थे। अब दामाद जी के दिमाग में क्या सूझी, यह तो वही जानें, लेकिन वो अचानक ससुराल से निकलकर सीधे चेचरिया गांव की 55 फीट ऊंची पानी टंकी के ऊपर जा पहुंचे।युवक को टंकी पर चढ़ा देख नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस बीच, टंकी पर पहले से मौजूद मधुमक्खियों के झुंड को दामाद जी का आना रास नहीं आया और उन्होंने कमलेश पर जोरदार हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के डंक से घायल कमलेश दर्द से कराहते हुए ऊपर ही फंस गया और चीखने-पुकारने लगा।

​’रियल लाइफ हीरो’ विकास यादव ने पेश की बहादुरी की मिसाल

​मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार और पुलिस भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। जब प्रशासन नीचे से रेस्क्यू की रणनीति बना ही रहा था, तभी भीड़ से निकलकर सामने आया एक ‘रियल लाइफ हीरो’ विकास यादव। ​स्थानीय युवक विकास यादव ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया। जैसे ही विकास ऊपर पहुंचा, गुस्से में लाल मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला बोल दिया। लेकिन विकास ने हार नहीं मानी; उसने डंक झेलते हुए भी घायल कमलेश को संभाला और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लाया।

​नीचे आते ही ग्रामीणों ने विकास यादव की इस अदम्य बहादुरी की जमकर सराहना की और उसकी पीठ थपथपाई। मौके पर मौजूद बीडीओ प्रशांत कुमार ने भी विकास के साहसिक कार्य की तारीफ की। साथ ही, भविष्य में ऐसी कोई दोबारा ‘टंकी-लीला’ न कर सके, इसके लिए उन्होंने पानी टंकी की सुरक्षा के मद्देनजर उसकी तुरंत घेराबंदी (बाउंड्री) कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।

error: Content is protected !!