#BigBreaking: बोकारो में मिला राज्य का तीसरा कोरोना पॉजिटिव केस, बांग्लादेश से लौटे शख्स में संक्रमण की पुष्टि

रांची। बोकारो से एक बड़ी खबर आ रही है। झारखण्ड में कोरोना वायरस संक्रमण का तीसरा पॉजिटिव केस सामने आया है। राज्य के बोकारो जिले में एक शख्स के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार संक्रमित शख्स कुछ दिनों पहले बांग्लादेश से लौटा था. बोकारो जिला के तेलो क्षेत्र के तीन दंपती बांग्लादेश गये थे। जहां से सभी कुछ दिनों पहले वापस तेलो आये थे। इनकी ट्रैवेल हिस्ट्री को देखते हुए बोकारो जिला प्रशासन की ओर से सभी छह लोगों को बोकारो के गुरु गोविंद इंजीनियरिंग स्कूल में क्वारेंटाइन किया गया है। साथ ही उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गये थे। इनमें से एक शख्स में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गयी है।

गौरतलब है कि इससे पहले दो मामले सामने आ चुके हैं. पहला केस रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से सामने आया है. जहां एक मलेशियाई महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं हजारीबाग के विष्णुगढ़ से दूसरा मामला सामने आया। पीड़ित विष्णुगढ़ प्रखंड के एक गांव का रहने वाला है। वह हाल ही में कोलकाता से शादी समारोह में शामिल होकर लौटा था।