24 घंटे के भीतर मिला लापता मासूम: नगड़ी पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी मुस्कान
राँची।राजधानी राँची के नगड़ी थाना क्षेत्र से लापता हुए 7 वर्षीय मासूम को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्चे की सुरक्षित वापसी से जहां परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं नगड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सिमडेगा निवासी मारियाना विलुंग, जो वर्तमान में बांध टोली, नगड़ी में रहती हैं, ने 2 जून को नगड़ी थाना में आवेदन देकर अपने 7 वर्षीय पुत्र प्रणय सौरभ विलुंग के 1 जून से लापता होने की सूचना दी थी। बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार काफी चिंतित और परेशान था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगड़ी थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। थाना प्रभारी अभिषेक राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, स्थानीय सूचना तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बच्चे को नारो बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के हवाले कर दिया गया। बेटे के मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय और उनकी पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण उनका बच्चा सुरक्षित वापस मिल सका।नगड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को लोगों ने सराहनीय बताते हुए इसे पुलिस की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का बेहतर उदाहरण बताया है।

