मानवता शर्मसार: ढाई साल की मासूम से पड़ोसी नाबालिग ने किया गलत हरकत, आरोपी गिरफ्तार
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिला के सिसई प्रखंड क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ढाई वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई है। इस हैवानियत के बाद गंभीर हालत में बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 16 वर्षीय एक किशोर (जो पीड़ित बच्ची का पड़ोसी है) बच्ची को गोद में लेकर घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। पड़ोसी होने और अक्सर घर में आना-जाना होने के कारण मां ने बिना किसी शक के अपनी कलेजे के टुकड़े को उसे सौंप दिया। लेकिन आरोपी ने इस भरोसे का कत्ल करते हुए बच्ची को अंधेरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के करीब एक घंटे बाद आरोपी बच्ची को वापस उसके घर छोड़कर भाग निकला। उस वक्त बच्ची दर्द से बुरी तरह कराह रही थी और लगातार रोए जा रही थी। मां ने जब बच्ची को चुप कराने की कोशिश की और ध्यान से देखा, तो मासूम के शरीर पर खून के दाग मिले। यह देखते ही मां के होश उड़ गए और उसे पूरी बात समझ में आ गई। उसने तुरंत अपने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी लड़के को गांव में ही ढूंढ निकाला और पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस आरोपी को थाने ले जाकर गहनता से पूछताछ कर रही है। मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सदर अस्पताल में भर्ती बच्ची की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

