चांदी चमकाने के बहाने सोना उड़ाने वाला गिरोह बेनकाब, पलामू पुलिस के हत्थे चढ़ा छह शातिर
पलामू। चांदी और सोने के जेवरात की सफाई के नाम पर लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पलामू पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से झारखंड के विभिन्न इलाकों में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी गांव का है, जहां एक महिला अपने चांदी के जेवर साफ कराने के लिए बिहार से आए दो युवकों के संपर्क में आई। आरोपियों ने पहले चांदी के आभूषण साफ किए और फिर महिला का सोने का मंगलसूत्र साफ करने के लिए लिया। इसी दौरान उन्होंने असली मंगलसूत्र गायब कर उसकी जगह कागज में पाउडर लपेटकर महिला को थमा दिया।
हालांकि महिला की सतर्कता ने आरोपियों की चालाकी पर पानी फेर दिया। कागज खोलते ही उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना पुलिस पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में प्रिंस कुमार, राहुल कुमार, प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार, अक्षय कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं। सभी बिहार के सुपौल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य जिस इलाके में वारदात को अंजाम देते थे, वहां से करीब 100 किलोमीटर दूर किराए के मकान में ठहरते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पलामू, चतरा और हजारीबाग समेत कई जिलों में इनके सक्रिय होने की जानकारी मिली है।
छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक विशेष केमिकल बरामद हुआ है। इस केमिकल का इस्तेमाल कर चांदी के जेवरों का कुछ हिस्सा गायब कर दिया जाता था, जबकि सोने के आभूषण पूरी तरह बदलकर या गायब कर दिए जाते थे।नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज कुमार, सब इंस्पेक्टर रोहित चौहान, एएसआई दीपक कुमार, राजेश बैठा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और वारदातों की भी जांच जारी है।

