गिरिडीह में सनसनीखेज वारदात: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया, ससुराल वाले फरार
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागद्दी में दहेज के दानवों ने तीन बच्चों की मां की कथित तौर पर हत्या कर दी। इतना ही नहीं,अपराध को छुपाने और सबूत मिटाने की नीयत से मृतका के शव को आनन-फानन में जला भी दिया गया। घटना के बाद से ही आरोपी ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने नदी तट से जले हुए शव के अवशेष बरामद किए हैं।
मृतका पूर्णिमा पंडित के पिता सागर पंडित (निवासी मिहिजाम, जामताड़ा) ने पुलिस को दिए आवेदन में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, पूर्णिमा की शादी 13 साल पहले झरियागद्दी निवासी रामेश्वर पंडित के साथ हुई थी। शादी के इतने साल बीत जाने और तीन बच्चे होने के बाद भी ससुराल वालों की दहेज की भूख शांत नहीं हुई थी। आए दिन पूर्णिमा से मायके से नकदी और गाड़ी लाने की मांग की जाती थी और इसके लिए उसे बेरहमी से प्रताड़ित और मारपीट किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को सुनियोजित तरीके से पूर्णिमा की हत्या कर दी गई और किसी को भनक लगे बिना शव को नदी किनारे ले जाकर जला दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले बदहवास हालत में मुफस्सिल थाना पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
मायके पक्ष के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना की पुलिस झरियागद्दी स्थित ससुराल पहुंची, जहां घर पर ताला लटका मिला। इसके बाद पुलिस टीम नदी तट पर गई, जहां शव को जलाया गया था। वहां से पुलिस को जले हुए शव के अवशेष मिले हैं, हालांकि शव पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस साक्ष्यों को इकट्ठा कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामले को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और नदी तट से मिले अवशेषों की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

