झारखण्ड में कोडरमा विधायक के निजी चालक की हत्या,माता-पिता और बेटी घायल,जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष,इलाके में सनसनी…

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई,जबकि उनकी बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार यादव बुधवार देर रात करीब 8:30 बजे तक विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ थे। वह झुमरीतिलैया में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटे थे। इसी दौरान परिजनों का फोन आया, जिसमें बताया गया कि गोतिया परिवार के लोगों के साथ गांव में विवाद और झगड़ा किया जा रहा है।

विवाद की सूचना मिलने के बाद राजकुमार यादव तत्काल अपने गांव चितरपुर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां पहले से चल रहे जमीनी विवाद के दौरान मारपीट शुरू हो गई। इसी क्रम में उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी विवाद की जानकारी मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया था। इसके बावजूद विवाद हिंसक रूप ले बैठा और राजकुमार यादव की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस घटना के बाद गांव में तनाव है।

निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या की सूचना मिलते ही विधायक देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घटना बेहद दुखद और निंदनीय है।
अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।

बताया जाता है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने राजकुमार यादव के पिता दशरथ यादव,माँ सुधा देवी व बेटी सोनिका कुमारी पर भी हमला किया। इसमें ये तीनों भी घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।हमला कुदाल से किये जाने की जानकारी सामने आयी है।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विकास पासवान व अन्य मौक़े पर पहुँच कर जांच में जुटी रही।

आज शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।सुबह से इलाके में तनाव बना हुआ है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

error: Content is protected !!