खूंटी महिला थाना में रिश्वतखोरी का पुराना खेल फिर बेनकाब, एसीबी ने महिला थाना प्रभारी को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

खूंटी/राँची। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राँची की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए खूंटी के अहतु (महिला) थाना की प्रभारी पु०अ०नि० सपना सुलेखा को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, खूंटी के हुरलूंग निवासी परिवादी श्याम कुमार के खिलाफ महिला थाना में झूठा मामला (कांड संख्या-06/2025) दर्ज कराया गया था। जब श्याम कुमार ने थाना प्रभारी सपना सुलेखा से मिलकर खुद को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई, तो मैडम ने केस से नाम हटाने के बदले सीधे 4.50 लाख (चार लाख पचास हजार) रुपये की मांग रख दी।

​परिवादी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे, इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत एसीबी राँची में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद जब एसीबी की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया, तो रिश्वत मांगने की बात शत-प्रतिशत सच साबित हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से आज गुरुवार 30 जुलाई 2026 को एसीबी की ट्रैप टीम ने जाल बिछाया और पहली किश्त के रूप में 50,000 रुपये लेते ही थाना प्रभारी सपना सुलेखा को रंगे हाथों धर दबोचा।

बता दें ​यह पहला मौका नहीं है जब इस अहतु (महिला) थाना पर भ्रष्टाचार का दाग लगा हो। इस थाना का रिश्वतखोरी का पुराना और काला इतिहास रहा है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी इस महिला थाना की तत्कालीन प्रभारी को एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर वही शर्मनाक इतिहास दोहराया गया है, जिसने पुलिस महकमे की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम के तहत एसीबी की टीम अब आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!