साहिबगंज में कथित प्रेम प्रसंग पर हंगामा, ग्रामीणों ने महिला और युवक को घेरा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

 

साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के बिचपुरा गांव में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर मंगलवार रात माहौल तनावपूर्ण हो गया था। एक शादीशुदा महिला और एक विवाहित युवक के साथ होने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दोनों को रोक लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित अपने साथ थाने ले गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिचपुरा गांव की दो बच्चों की मां और चपगामा निवासी एक विवाहित युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों अक्सर चोरी-छिपे मिलते थे। बताया जा रहा है कि युवक की हाल ही में पथरगामा में शादी हुई थी।

मंगलवार रात युवक कथित तौर पर महिला से मिलने बिचपुरा पहुंचा। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और दोनों को वहीं रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पूरे घटनाक्रम के दौरान शांत रहा, जबकि महिला भावुक होकर रोती रही।

घटना की जानकारी मिलने पर बोरियो थाना पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, शुरुआत में लोग मानने को तैयार नहीं थे। कुछ ग्रामीण दोनों की शादी कराने की मांग कर रहे थे। इस बीच मौके का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस अधिकारी लोगों से शांति बनाए रखने, किसी तरह की मारपीट नहीं करने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने दोनों को सुरक्षित थाने पहुंचा दिया है। मामले की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

error: Content is protected !!