फौजी बैरक से जेल तक: अफीम रखने और उसके सेवन के आरोप में लांस नायक गिरफ्तार, रामगढ़ में चर्चा का विषय बना मामला
रामगढ़।अनुशासन और सख्त नियमों के लिए पहचाने जाने वाले सिख रेजिमेंटल सेंटर (एसआरसी) से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सैन्य और स्थानीय हलकों में चर्चा छेड़ दी है। एसआरसी में तैनात एक लांस नायक को अफीम रखने और उसके सेवन के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान बलजींदर सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सैन्य अधिकारियों को जवान की गतिविधियों पर संदेह हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम एसआरसी पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान जवान ने अफीम खरीदकर लाने और उसका सेवन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.27 ग्राम अफीम जैसा पदार्थ और 38.12 ग्राम चॉकलेट मिश्रित संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया। दोनों पदार्थों को जब्त कर आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जवान को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अफीम कहां से खरीदी थी, क्या वह केवल स्वयं सेवन करता था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है। बरामद चॉकलेट मिश्रित पदार्थ की भी जांच कराई जा रही है ताकि उसकी वास्तविक प्रकृति स्पष्ट हो सके।
इस घटना के सामने आने के बाद रामगढ़ में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

