फर्जी नंबर प्लेट से चोरी की बाइक का खेल.. खूँटी पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को दबोचा, 19 बाइक समेत बोलेरो और मास्टर-की बरामद

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के कुल 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 19 मोटरसाइकिल, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन, 8 मोबाइल फोन और 2 मास्टर-की बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को एसपी खूँटी को गुप्त सूचना मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र के अंतरजिला मोड़ के आसपास मोटरसाइकिल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें खरीद-बिक्री के लिए जमा कर रहे थे।सूचना मिलते ही एसडीपीओ खूँटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सायको थाना एवं अड़की थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों से चोरी की मोटरसाइकिलों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

19 चोरी की बाइक बरामद, फर्जी नंबर प्लेट का खेल उजागर
पुलिस की कार्रवाई में कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसके अलावा एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन, 8 मोबाइल फोन और वाहन चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली दो मास्टर-की भी पुलिस के हाथ लगी हैं। बरामदगी से पुलिस को आशंका है कि गिरोह योजनाबद्ध तरीके से बाइक चोरी करने के बाद उनके नंबर प्लेट बदलकर उन्हें दूसरे स्थानों पर खपाने का काम करता था।इस संबंध में सायको थाना कांड संख्या-15/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की विभिन्न धाराओं समेत मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अंतरजिला गिरोह होने की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में खूँटी के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी भी शामिल हैं। इससे पुलिस को गिरोह के अंतरजिला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की मोटरसाइकिलें कहां-कहां से चुराई जाती थीं, फर्जी नंबर प्लेट कौन तैयार करता था और चोरी के वाहनों को किन लोगों के हाथों बेचा जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में ये नाम शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गुरुडयाल मुंडा उर्फ पनसउ मुंडा (26), इसरायल पूर्ति (24), मनमसीह पूर्ति उर्फ डेरो (19), मसीह मुंडा (19), मोहन लोहार (32), एतवा मुंडा (19) और समराय होरो (26) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर की जांच कर उनके वास्तविक मालिकों और पूर्व के वाहन चोरी के मामलों से कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है।

error: Content is protected !!