इंस्टाग्राम का प्यार बना मौत का जाल.. प्रेमिका ने घर बुलाया, धारदार हथियार से काट डाला; 4 दिन बाद कुत्तों ने खोला खौफनाक राज

 

गिरिडीह। इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम-प्रसंग आखिरकार एक खौफनाक हत्या में बदल गया। बिहार के जमुई जिले के रहने वाले 16 वर्षीय मिथुन कुमार की कथित तौर पर गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर गांव में हत्या कर दी गई। आरोप है कि प्रेमिका के घर बुलाए जाने के बाद किशोर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर उसे जमीन में दफना दिया गया।करीब चार दिन तक जमीन के नीचे दफन शव किसी को दिखाई नहीं दिया। लेकिन फिर कुत्तों ने जमीन खोदकर शव का पैर बाहर खींच लिया। सुबह ग्रामीणों की नजर जमीन से बाहर निकले पैर पर पड़ी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची टीम ने खुदाई कर शव को बाहर निकाला।

प्रेमिका के फोन के बाद घर से निकला था मिथुन
मृतक के परिजनों के अनुसार, जमुई के मोरियाडीह निवासी मिथुन करीब एक साल से पहाड़पुर की एक लड़की के संपर्क में था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई।आरोप है कि रविवार को लड़की ने फोन कर मिथुन को अपने घर बुलाया था। इसके बाद वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। करीब चार दिन तक कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच पहाड़पुर में जमीन से मानव शरीर का अंग मिलने की खबर ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।

घर के पीछे खजूर के पेड़ के पास दफन था शव
पुलिस की जांच में सामने आया कि शव को कथित तौर पर घर के पीछे खजूर के पेड़ के पास जमीन में दबाया गया था। आरोप है कि हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े किए गए। पहले शव को जलाने की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और कई महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। आरोपी के कमरे के अंदर भी खून के धब्बे मिलने की बात सामने आई है।

चार दिन बाद कुत्तों ने उधेड़ दिया राज
जिस वारदात को जमीन के नीचे दफन कर छिपाने की कोशिश की गई थी, उसका राज कुत्तों ने खोल दिया। बताया गया कि शव से दुर्गंध आने के बाद जंगली जानवरों या कुत्तों ने जमीन खोद दी और शव का एक पैर बाहर खींच लाए।सुबह ग्रामीणों की नजर उस पैर पर पड़ी तो देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई और इसके बाद खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया शव, परिजनों ने किया हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ सफी आलम, इंस्पेक्टर बम-बम कुमार सिंह और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। इसी दौरान मुख्य आरोपी जगदीश दास की भीड़ ने पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह बीच-बचाव कर आरोपी को सुरक्षित वहां से निकाला।

प्रेमिका, पिता और मां हिरासत में
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका, उसके पिता जगदीश दास और मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह मामला प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग में हत्या का प्रतीत हो रहा है।एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि मामले में जांच जारी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फॉरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार का पता लगाने समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

दिल्ली में काम करता था मिथुन, छह महीने से गांव में था
परिजनों के मुताबिक मिथुन चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह पहले दिल्ली में काम करता था और करीब छह महीने से गांव में रह रहा था। रविवार को घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार उसकी तलाश में लगा था, लेकिन चार दिन बाद उसकी मौत की खबर सामने आई।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, प्रेम में बदली और फिर कथित तौर पर हत्या तक पहुंच गई। जिस शव को जमीन के नीचे दफन कर राज छिपाने की कोशिश की गई थी, उसे कुत्तों द्वारा बाहर खींचे गए पैर ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। अब पुलिस इस खौफनाक वारदात की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

error: Content is protected !!