उंगली टूटी, कार्रवाई नहीं हुई… होमगार्ड जवान से कथित मारपीट पर भड़का संगठन,जयराम महतो ने भी दिया आंदोलन को समर्थन

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र में होमगार्ड जवान के साथ थाना प्रभारी द्वारा कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना में होमगार्ड जवान मनोज कुमार की उंगली गंभीर रूप से चोटिल होने और टूटने की बात सामने आई है। मामले में अब झारखण्ड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे संगठन में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि होमगार्ड जवान पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था संभालने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान एक जवान के साथ कथित मारपीट की घटना गंभीर और निंदनीय है।उन्होंने कहा कि संगठन किसी अधिकारी को बिना जांच दोषी ठहराने के पक्ष में नहीं है, लेकिन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई हर हाल में होनी चाहिए। पीड़ित जवान को न्याय दिलाने के लिए संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

कार्रवाई नहीं हुई तो डीसी कार्यालय के सामने धरना
एसोसिएशन ने प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी भी दी है। संगठन का कहना है कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो हजारीबाग उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से किया जाएगा।

जयराम महतो ने जताया विरोध, आंदोलन को समर्थन का भरोस

इधर, मामले को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी विरोध जताया है। झारखण्ड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि दूरभाष पर विधायक से बातचीत कर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी।राजीव तिवारी ने विधायक को बताया कि आंगो थाना क्षेत्र में होमगार्ड जवान मनोज कुमार के साथ थाना प्रभारी द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उंगली टूटने की बात सामने आई है।मामले की जानकारी मिलने पर विधायक जयराम महतो ने चिंता जताते हुए कहा कि होमगार्ड जवानों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने घटना का विरोध करते हुए आश्वासन दिया कि न्याय की मांग को लेकर होमगार्ड जवानों द्वारा किए जाने वाले लोकतांत्रिक आंदोलन को उनका नैतिक और समर्थनात्मक सहयोग रहेगा।

विधायक के समर्थन के बाद संगठन ने आंदोलन को लेकर अपना रुख और स्पष्ट कर दिया है। एसोसिएशन ने कहा कि जवानों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पीछे नहीं हटेगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

 

error: Content is protected !!