राँची: बोड़ेया के श्री मदन मोहन मंदिर में धूमधाम से मनेगी जन्माष्टमी, राज्यपाल होंगे महोत्सव के मुख्य अतिथि
राँची। कांके प्रखंड के बोड़ेया स्थित ऐतिहासिक श्री मदनमोहन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 4 सितंबर 2026 को भव्य एवं धार्मिक उत्साह के साथ किया जाएगा। महोत्सव में झारखण्ड के महामहिम राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शाम छह बजे मंदिर पहुंचेंगे, जहां मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रमुख सदस्यों द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल शाम 6 बजे मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद वे मंदिर में दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। करीब 6:20 बजे वे मंच पर पहुंचेंगे, जहां कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ होगी।
इसके बाद मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व पर श्री गोविंद नारायण तिवारी द्वारा स्वागत संबोधन किया जाएगा। मंदिर समिति की ओर से राज्यपाल को स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘श्री मदनमोहन स्वामी स्तुति’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।महोत्सव के दौरान चार विशिष्ट अतिथियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें डॉ. रामकुमार तिवारी, चंदन तिवारी, दिलीप कुमार गुप्ता और विपुल नायक शामिल हैं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे एवं आदित्य साहू भी संबोधित करेंगे। इसके बाद महामहिम राज्यपाल श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों को आशीर्वचन देंगे और संबोधित करेंगे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ होगा। इसके बाद राज्यपाल मंदिर परिसर से प्रस्थान करेंगे।
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर समिति की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह है। ऐतिहासिक मदनमोहन मंदिर में होने वाले इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।पूरी जानकारी अधिवक्ता ईशान रोशन ने दी।

