राँची: बंद घर से करीब 3 लाख के जेवरात और नगदी की चोरी, चारदीवारी की ग्रिल मोड़कर घुसे चोर

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित अयोध्यापुरी रोड नंबर-02 में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया।घटना के समय गृहस्वामी परिवार सहित रिश्तेदार के श्राद्धकर्म में शामिल होने बिहार गए हुए थे। पीड़िता लक्ष्मी मिंज की लिखित शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पीड़िता लक्ष्मी मिंज (पति शैलेश कुमार सिंह) के अनुसार, वह 26 अगस्त 2026 की शाम रिश्तेदार के दशकर्म में शामिल होने गया (बिहार) गई हुई थीं। घर पर उनकी दो नाबालिग बेटियां और भतीजे की पत्नी मौजूद थीं। 28 अगस्त को दिन के करीब 11 बजे वे सभी भी राखी बांधने के लिए मायके पोखरटोली (डोरंडा) चली गईं।शाम करीब साढ़े सात बजे जब बच्चियां लौटीं तो घर का ताला खुला मिला, लेकिन अज्ञानतावश उन्होंने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।30 अगस्त की रात जब गृहस्वामी घर लौटीं और 31 अगस्त को जरूरत पड़ने पर कमरे की गोदरेज अलमारी खोली, तो लॉकर खुला मिला और उसमें रखे सारे गहने व नगदी गायब थे।

चोरों ने अलमारी के लॉकर से एक जोड़ा दो मंजिला सोने का झुमका, दो जोड़ा नाक का बेसर, एक जोड़ा सोने का जितिया, चार जोड़ा चांदी की पैजेनिया पायल, छह पीस चांदी की चेन, चार जोड़ा बिछिया और करीब 8 से 10 हजार रुपये नगद चुरा लिए. चोरी गए जेवरातों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी जा रही है।घर की जांच करने पर चारदीवारी में लगी लोहे की छड़ मुड़ी हुई मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोर चारदीवारी फांदकर और ग्रिल मोड़कर भीतर दाखिल हुए थे। चुटिया पुलिस ने आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चोरों की पहचान की कवायद शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!